द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : आगरा विकास प्राधिकरण की 152वीं बोर्ड बैठक में अहम निर्णय लिए गए हैं। इसके तहत जूता मंडी की भूमि दरों समेत कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप की अध्यक्षता में आयोजित हुई। जिसमें शहर के विकास, सीमा विस्तार और नई योजनाओं को लेकर महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।
बैठक में ग्राम रायपुर-रहनकलां स्थित प्रस्तावित ग्रेटर आगरा योजना के लिए आवासीय भूखंडों की दर 33 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर तय की गई। ग्रुप हाउसिंग के लिए यह दर आवासीय दर से डेढ़ गुना लगभग 50 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर निर्धारित की गई है। वहीं व्यावसायिक भूखंडों की दर 66 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर होगी। सार्वजनिक सुविधाओं के लिए भूखंड आवासीय दर पर ही उपलब्ध कराए जाएंगे।
जूता मंडी के लिए रेट हुए तय
जूता मंडी योजना में भूतल के लिए भूमि दर 78 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर तय की गई है। इसके अलावा एडीए सीमा में 98 नए गांवों को शामिल किए जाने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में ताजनगरी फेज-2 स्थित दुर्बल आय वर्ग (ईडब्ल्यूएस) आवासों को लेकर भी बड़ा फैसला लिया गया। आईआईटी रुड़की और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की जांच में इन भवनों को जर्जर और खतरनाक घोषित किए जाने के बाद इन्हें ध्वस्त करने का निर्णय लिया गया। मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि यहां रह रहे आवंटियों की सहमति लेकर उन्हें दूसरी जगह शिफ्ट किया जाए, जिसके बाद नई योजना के तहत पुनर्विकास कार्य किया जाएगा।
इसके साथ ही इनर रिंग रोड के टोल प्लाजा को मानसून से पहले चालू करने के निर्देश भी बैठक में दिए गए। बोर्ड बैठक में सभी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।
