-दिल्ली-एनसीआर में देते थे चोरी की घटनाओं को अंजाम
-मौका मिलते ही सस्ते दाम पर बेच देते थे चोरी के वाहन
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: सेक्टर 58 कोतवाली पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गैंग का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। चोरों के पास से पुलिस ने चोरी की 15 मोटरसाइकिल बरामद की है। यह मोटरसाइकिल दिल्ली-एनसीआर में विभिन्न स्थानों से चोरी की गई थी। चोरों के द्वारा मौका मिलते ही सस्ते दाम में चोरी के वाहन बेंच दिए जाते थे। पकड़े गए चोरों की पहचान पुष्पेन्द्र, राजू, ब्रजेश और लोकेश के रूप में हुई है। पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि पता चला है कि पूरे गैंग का सरगना श्रीपाल है, जो संभल का रहने वाला है। वह अभी फरार है, उसकी तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।

दिन में लगाते थे ठेला
एडिशनल डीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने हनुमान मंदिर के पास, सेक्टर-60 से घेराबंदी कर दो बाइक पर सवार 4 शातिर चोरों को पकड़ा। पकड़े गए ब्रजेश और पुष्पेन्द्र दिल्ली-एनसीआर में दिन के समय छोले-कुलचे और पराठे का ठेला लगाते थे। ठेले की आड़ में यह लोग आस-पास की कंपनियों और घरों के बाहर खड़ी बाइक की रेकी करते और मौका मिलते ही अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी कर लेते थे। चोरी के बाद इन वाहनों को सुनसान इलाकों में छुपा देते थे जहां लोगों का आना-जाना कम हो। बाद में सस्ते दाम पर वाहनों को बेंच देते थे। चोरों के पास से पुलिस ने दो चाकू भी बरामद किया है।
