-7 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है आधुनिक विद्युत उपकेंद्र
-क्षेत्र में बढ़ती विद्युत मांग को पूरा करने में मिलेगी सहायता

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: गर्मी के साथ ही बिजली की मांग भी तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में हजारों उपभोक्‍ताओं को राहत देने के लिए शाहवेरी गांव में 7 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक विद्युत उपकेंद्र (बिजली घर) का निर्माण किया गया था। शनिवार को विधायक तेजपाल नागर ने बिजली घर का लोकार्पण किया। इस बिजली घर से हजारों उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। नव स्थापित विद्युत उपकेंद्र में 2×10 MVA क्षमता के ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। इस परियोजना के माध्यम से शाहवेरी, सेक्टर-122, रक्षा डिला, औरचिड़,jnc पार्क एवं आसपास के अनेक आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्रों को सीधा लाभ प्राप्त होगा। विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि दादरी विधानसभा क्षेत्र में सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य एवं शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने हेतु निरंतर विकास कार्य कराए जा रहे हैं तथा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य जारी रहेगा।
.
व्‍यवस्‍था में होगा सुधार
इस उपकेंद्र के प्रारंभ होने से लंबे समय से चली आ रही लो-वोल्टेज, ओवरलोडिंग, बार-बार बिजली बाधित होने तथा ट्रिपिंग जैसी समस्याओं में व्यापक सुधार होगा। साथ ही गर्मी के मौसम में उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने में भी यह परियोजना अत्यंत महत्वपूर्ण सिद्ध होगी। इस अवसर पर विधायक तेजपाल नागर ने क‍हा कि प्रदेश सरकार एवं जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकता क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना और प्रत्येक नागरिक तक विकास का लाभ पहुंचाना है। विद्युत व्यवस्था को आधुनिक एवं सक्षम बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं, जिससे आम जनता को बेहतर जीवन सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। इस अवसर पर लोकेश त्यागी, दीपक यादव, रति पाल नागर, विमल पांडेय, दयाराम शर्मा, विपिन गौड़, शैलेंद्र गुप्ता, राजीव शर्मा सहित अन्‍य लोग मौजूद थे।