-हुक्का पीने के विवाद में हुई थी हत्या
-बदमाशों के पास से अवैध हथियार बरामद
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: जेवर कोतवाली पुलिस ने गोपाल शर्मा हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया। मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान दो लोगों के पैर में गोली लगी है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि घटना से कुछ दिन पूर्व गोपाल की दादी ने हुक्का पिलाने पर कुछ लोगों को फटकार लगाई थी। नाराज आरोपितों ने बच्चे का सिर दीवार में मारकर हत्या कर दी थी। गोपाल को मौके पर ही छोड़कर भाग गए थे। तीनों आरोपित कहीं भागने की फिराक में थी। पुलिस टीम उन्हें पकड़ने के लए दबिश दे रही थी। इस दौरान बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई।

पुलिस कर रही थी जांच
प्रेसवार्ता में ज्वाइंट सीपी राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि 21 मई को गोपाल शर्मा के गुमशुदा होने की सूचना मिली ,उसके बाद पुलिस टीम का गठन हुआ और बच्चे की तलाश की गई। बच्चे का शव रोही गांव में एक खाली पड़े मकान में मिला। शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें उसके सिर पर एक चोट का निशान आया। मामले में इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस व अन्य साक्ष्य के माध्यम से तीन लोगों के बारे में जानकारी हुई, आज पुलिस जब चेकिंग कर रही थी, इस दौरान एक मोटरसाइकिल पर यह तीनों व्यक्ति जाते दिखे। पुलिस ने रोका तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी ,जवाबी कार्रवाई में दो लोग घायल हो गए। उनकी पहचान नरेश व मोहित निवासी रोही व उमेश निवासी चंपारण बिहार के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि गोपाल इन लोगों के साथ बैठकर हुक्का पिया करता था। कुछ दिन पहले ही गोपाल दादी ने वहां जाकर इन सभी लोगों को डांट लगा दी थी। आरोपित इसी बात से नाराज थे। 21 तारीख को गोपाल हुक्का पीने पहुंचा तो इन लोगों ने गोपाल के हुक्के में अधिक तंबाकू डालकर पिलाया और वहीं पास में गांव में खाली पड़े मकान में ले जाकर दीवार में मृतक का सिर मार दिया।
