-NPCL की विजिलेंस टीम ने मौके पर किया निरीक्षण
-कनेक्‍शन हटाने के लिए NPCL ने जारी किया नोटिस

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: गांव व कस्‍बे में तो बिजली चोरी के मामले लगातार सामने आते रहते हैं लेकिन नया मामला सोसायटी में बिजली चोरी का सामने आया है। बिजली की यह चोरी ग्रेटर नोएडा वेस्‍ट की ग्रीनआर्च सोसाइटी में हो रही थी। चोरी कॉमन एरिया से कनेक्‍शन जोड़कर की जा रही थी। इस कारण बिजली का अतिरिक्‍त भार सोसायटी के सभी लोगों पर पड़ रहा था। मौके पर पहुंची NPCL की विजिलेंस टीम ने बिजली चोरी पकड़ी। निरीक्षण के दौरान यह भी आरोप सामने आया कि ग्रीनआर्च AOA द्वारा विजिलेंस टीम के कार्य में व्यवधान उत्पन्न करने का प्रयास किया गया, जिससे जांच प्रक्रिया प्रभावित हुई। कनेक्‍शन हटाने के लिए NPCL ने नोटिस जारी किया है।

अवैध सब मीटर
NPCL की विजिलेंस टीम को निरीक्षण के दौरान बेसमेंट क्षेत्र में पांच अवैध सब-मीटर मिले। इसके अतिरिक्त दो अवैध चार्जिंग स्टेशन भी पाए गए, जिन पर एक समय में लगभग पांच वाहन चार्ज हो रहे थे। साथ ही मदर डेयरी की एक कमर्शियल दुकान में भी अवैध रूप से सब-मीटर लगाकर बिजली आपूर्ति किए जाने का मामला सामने आया। सोसाइटी के निवासियों का कहना है कि बिजली चोरी एवं अवैध वसूली की शिकायतें कई बार ग्रीनआर्च AOA को दी गई थीं, लेकिन AOA द्वारा न तो शिकायतों पर कोई संतोषजनक उत्तर दिया गया और न ही बिजली चोरी रोकने के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई की गई। लगातार उपेक्षा के बाद निवासियों ने बिजली विभाग से शिकायत की थी। जिस पर NPCL द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई। निवासियों का आरोप है कि पूरे घटनाक्रम में ग्रीनआर्च AOA ने निवासियों के हितों की अनदेखी करते हुए बिल्डर के कथित अनाधिकृत कार्यों को संरक्षण देने का कार्य किया।