-श्रेष्‍ठ 20 विद्यार्थियों को जिले में किया गया पुरस्‍कृत
-विद्यार्थियों ने हाईस्‍कूल व इंटर की परीक्षा में प्राप्‍त किया था अच्‍छा नंबर

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: विभिन्‍न बोर्ड ने हाईस्‍कूल व इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम जारी कर दिया था। परीक्षा में जिन विद्यार्थियों ने श्रेष्‍ठ प्रदर्शन करते हुए अच्‍छा नंबर प्राप्‍त किया था उन्‍हें सम्‍मानित करने के लिए प्रदेश सरकार के द्वारा लखनऊ में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने जिले के 8 विद्यार्थियों को पुरस्‍कृत किया। इन विद्यार्थियों को एक-एक लाख रुपए का सांकेतिक चेक दिया गया। साथ ही जिले में आयोजित कार्यक्रम में 20 विद्यार्थियों को सम्‍मानित किया गया। सभी को 21-21 हजार रुपए का सांकेतिक चेक दिया गया।

मुख्‍यमंत्री ने बढ़ाया उत्‍साह
लखनऊ स्थित लोक भवन में राज्य स्तरीय सम्मान समारोह का आयोजन मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में किया गया। समारोह में यूपी बोर्ड, सीबीएसई, सीआईएससीई तथा संस्कृत शिक्षा परिषद के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को कठिन परिश्रम, अनुशासन तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता का संदेश देते हुए जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। जनपद गौतमबुद्धनगर के कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण आयोजित किया गया। इस अवसर पर विधायक दादरी तेजपाल नागर, विधायक जेवर धीरेंद्र सिंह तथा जिलाध्यक्ष गौतमबुद्धनगर अभिषेक शर्मा उपस्थित रहे। समारोह में हाईस्कूल परीक्षा वर्ष 2026 के शीर्ष 10 तथा इंटरमीडिएट परीक्षा वर्ष 2026 के शीर्ष 10 मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल, प्रशस्ति पत्र एवं 21-21 हजार रुपये के सांकेतिक चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।