द न्यूज गली, नोएडा : पश्चिम बंगाल से अपहृत 15 वर्षीय किशोरी को गौतमबुद्धनगर पुलिस ने मिशन मुक्ति फाउंडेशन और पश्चिम बंगाल पुलिस के सहयोग से सकुशल बरामद कर लिया। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर पश्चिम बंगाल पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, थाना हरिरामपुर जिला दक्षिण दिनाजपुर (पश्चिम बंगाल) में किशोरी के अपहरण के संबंध में मुकदमा दर्ज है। रविवार को थाना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (एएचटी) और मिशन मुक्ति फाउंडेशन को सूचना मिली कि अपहृत किशोरी नोएडा क्षेत्र में मौजूद है।

इटेडा गांव में चला अभियान
सूचना मिलने पर एएचटी, मिशन मुक्ति फाउंडेशन और पश्चिम बंगाल पुलिस की संयुक्त टीम ने बिसरख थाना क्षेत्र के इटैडा गांव स्थित झुग्गी-झोपड़ियों में तलाश शुरू की। स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला कि किशोरी एक व्यक्ति के साथ रह रही है और एक सोसायटी में साफ-सफाई का काम करती है।

इसके बाद टीम ने संबंधित सोसायटी में पहुंचकर किशोरी और उसके साथ मौजूद आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस ने महिला आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए किशोरी को सकुशल रेस्क्यू किया। आरोपी को गिरफ्तार कर पश्चिम बंगाल पुलिस के हवाले कर दिया गया।

किशोरी को किया गया पेश
किशोरी का चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद उसे बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष पेश किया गया। आवश्यक कार्रवाई पूरी होने के बाद किशोरी को पश्चिम बंगाल पुलिस के संरक्षण में सौंप दिया गया। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर पश्चिम बंगाल पुलिस संबंधित न्यायालय में पेश करेगी।