द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : सार्वजनिक स्थानों पर शराब और अन्य मादक पदार्थों का सेवन करने वालों के खिलाफ गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने विशेष अभियान चलाते हुए दो दिनों में 377 लोगों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है। यह अभियान पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर ग्रेटर नोएडा जोन में चलाया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, डीसीपी और एडीसीपी ग्रेटर नोएडा के पर्यवेक्षण में एसीपी-1, एसीपी-2, एसीपी-3 और एसीपी-4 के नेतृत्व में 1 जून से 2 जून तक विशेष अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब अथवा अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करते पाए गए 377 व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।
पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने से कानून-व्यवस्था और लोक शांति प्रभावित होती है। ऐसे मामलों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए यह अभियान चलाया गया है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर शराब या अन्य नशीले पदार्थों का सेवन न करें और सामाजिक व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
