-औद्योगिक विकास, निवेश प्रोत्साहन सहित अन्‍य मुद्दों पर हुई चर्चा
-उद्यमियों ने CEO को सौंपा मांगों का ज्ञापन

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) के प्रतिनिधिमंडल ने यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह के साथ बैठक की। IBA की ओर से YEIDA क्षेत्र में औद्योगिक विकास को गति प्रदान करने, विभिन्न विकास कार्यों में तेजी लाने तथा निवेश-अनुकूल वातावरण तैयार करने हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना की गई। IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने CEO राकेश कुमार सिंह को प्रतीक चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर उद्योग जगत की ओर से उनका अभिनंदन एवं आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से औद्योगिक क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों, निवेशकों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण तथा उद्योग हितैषी प्रशासनिक कार्यशैली की सराहना की। IBA ने उद्यमियों से प्राप्त विभिन्न सुझावों एवं समस्याओं से संबंधित विस्तृत ज्ञापन CEO को सौंपा। ज्ञापन में औद्योगिक अवसंरचना, सड़क, ड्रेनेज, सार्वजनिक परिवहन, उद्योग स्थापना प्रक्रियाओं का सरलीकरण, कंप्‍लीशन एवं फंक्शनल प्रमाणन, सिंगल विंडो सिस्टम, Change in Constitution (CIC), ट्रांसफर नीति, लीज रेंट, MSME उद्यमियों हेतु भूखंड योजनाएं, कॉमन फैसिलिटेशन सेंटर, औद्योगिक सहायक बाजारों के विकास तथा अन्य उद्योग हितैषी सुझावों को प्रमुखता से रखा गया।

CEO ने दिया आश्‍वासन
राकेश कुमार सिंह उद्यमियों से कहा कि यमुना प्राधिकरण क्षेत्र देश के सबसे विकसित एवं संभावनाशील औद्योगिक क्षेत्रों में से एक है। जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, उत्कृष्ट कनेक्टिविटी, एक्सप्रेसवे नेटवर्क एवं विशाल औद्योगिक विकास की संभावनाएं इसे विशेष बनाती हैं। उन्होंने उद्यमियों से आह्वान किया कि वह गुणवत्तापूर्ण निर्माण करें, उद्योग स्थापित करें, उत्पादन गतिविधियां प्रारंभ करें तथा क्षेत्र के औद्योगिक विकास में सक्रिय भागीदारी निभाएं। कहा कि उद्योगों को किसी भी प्रकार की अनावश्यक कठिनाई नहीं होने दी जाएगी तथा प्राधिकरण उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि प्राधिकरण के द्वार उद्योग जगत के लिए सदैव खुले हैं और प्रत्येक वास्तविक समस्या का समाधान सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ किया जाएगा। IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि CEO ने उद्यमियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा विभिन्न विषयों पर सकारात्मक आश्वासन प्रदान किए। इससे उद्योग जगत में विश्वास एवं उत्साह का वातावरण बना है। उन्होंने कहा कि YEIDA क्षेत्र देश के सबसे संभावनाशील औद्योगिक क्षेत्रों में से एक है तथा उद्योगपति निवेश करने, रोजगार सृजित करने एवं क्षेत्र के विकास में योगदान देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। आवश्यकता केवल इतनी है कि उद्योग स्थापना एवं संचालन से संबंधित प्रक्रियाएं सरल, पारदर्शी एवं उद्योग-अनुकूल हों। इस अवसर पर उद्यमी नरेश चौहान, राजेश खन्ना, बिमलेश कुमार, दक्ष शर्मा,चरणजीत सिंह, धर्मेंद्र सिंह, पुष्पेंद्र कुमार सहित अन्य उद्यमी उपस्थित थे।