-धार्मिक आस्था के साथ वैज्ञानिक तरीके से होगा निस्तारण
-लोगों ने आरडब्‍ल्‍यूए के प्रयास को सराहा

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: अक्‍सर देखने में आता है कि खंडित मूर्ति व पूजा सामग्री को लोगों के द्वारा पेड़ के नीचे, तालाब के किनारे व अन्‍य स्‍थानों पर फेंक दिया जाता है। इससे न सिर्फ धार्मिक आस्‍था को ठेस पहुंचती है बल्‍की गंदगी भी फैलती है। इस समस्‍या को देखते हुए पर्यावरण दिवस पर सेक्‍टर 36 आरडब्‍ल्‍यूए ने सराहनीय पहल करते हुए सेक्‍टर में दो समर्पण पात्र लगवाया है। जिनका उद्देश्य खंडित मूर्तियों, पूजा सामग्री, चुनरी, धूप एवं अन्य धार्मिक वस्तुओं के सम्मानजनक और वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

वैज्ञानिक तरीके से होगा निस्‍तारण
इस अभियान के तहत एक समर्पण पात्र केवल खंडित मूर्तियों के लिए तथा दूसरा चुनरी, धूप, धार्मिक वस्त्र एवं अन्य पूजा सामग्री के लिए रखा गया है। इन पात्रों में एकत्रित होने वाली सामग्री का वैज्ञानिक तरीके से पुनर्चक्रण (रिसाइक्लिंग) एवं उचित निस्तारण कराया जाएगा। जिससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और धार्मिक वस्तुओं का सम्मान भी बना रहेगा। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने कहा कि यह पहल समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ लोगों को धार्मिक सामग्री के उचित प्रबंधन के लिए प्रेरित करेगी। इससे सार्वजनिक स्थानों पर धार्मिक सामग्री फेंकने की प्रवृत्ति में कमी आएगी और शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में मदद मिलेगी। आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष डॉ. अजय भाटी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। यदि सभी लोग अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और धार्मिक वस्तुओं के सम्मानजनक निस्तारण में सहयोग करें तो शहर को और अधिक स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल बनाया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान सेक्टरवासियों ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी ली तथा भविष्य में ऐसे अभियानों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर शरद शर्मा, नारायण सिंह शक्तावत, श्याम कंसल, बलराज हून, रवि भाटी, पुष्पेंद्र पंडित, ज्ञानी अवाना, सुनील तंवर, राकेश नागर, अनुज उपाध्याय, कैलाश, संजय सिंह, राम खिलाड़ी सहित अन्‍य लोग मौजूद थे।