द न्यूज गली, नोएडा : थाना फेस-1 पुलिस ने मोबाइल चोरी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के 67 मोबाइल फोन, छह मोबाइल फोल्डर, एक लैपटॉप, मोबाइल फोन खोलने के उपकरण और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पवन (40) और गोलू (20) निवासी नया बांस गांव, थाना फेस-1 क्षेत्र के रूप में हुई है। गिरोह का एक नाबालिग सदस्य भी पुलिस की अभिरक्षा में है।

पूछताछ में सामने आया कि गिरोह दिल्ली, नोएडा और एनसीआर के भीड़भाड़ वाले इलाकों व रेड लाइट पर वारदात करता था। नाबालिग साथी चलती गाड़ी के सामने आकर चोट लगने का नाटक करता था। वाहन चालक के नीचे उतरते ही दूसरा आरोपी गाड़ी की खिड़की खोलकर मोबाइल चोरी कर फरार हो जाता था।

बंद मकानों को बनाते थे निशाना
आरोपी राहगीरों के मोबाइल चोरी और स्नैचिंग के अलावा पीजी व बंद मकानों में चोरी की घटनाओं को भी अंजाम देते थे। चोरी किए गए कुछ मोबाइल सस्ते दामों में बेच दिए जाते थे, जबकि शेष मोबाइलों के लॉक लैपटॉप की मदद से तोड़कर उनके पार्ट्स अलग-अलग बेच दिए जाते थे। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।