-लोगों ने कहा विभिन्‍न खेलों के लिए होता है स्‍टेडियम का उपयोग
-किसी अन्‍य स्‍थान पर हॉकी स्‍टेडियम बनाने की मांग

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा:सेक्‍टर 37 के स्‍टेडियम को हॉकी स्‍टेडियम बनाने की तैयारी शुरू हो गई है, जिस पर लगभग 10 करोड़ रुपए खर्च होंगे। काम शुरू होने से दो दिन पहले विधायक धीरेंद्र सिंह ने भूमि पूजन भी किया था। अब आस-पास के सेक्‍टर व गांव के लोगों ने हॉकी स्‍टेडियम बनाने का विरोध शुरू कर दिया है। लोगों ने अपना विरोध दर्ज कराते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर भी डाली है। लोगों ने मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ से मांग की है कि हॉकी स्‍टेडियम किसी अन्‍य स्‍थान पर बनाया जाए। इस स्‍टेडियम को विभिन्‍न खेलों की सुविधाओं के लिए छोड़ दिया जाए।

यह है लोगों का कहना
आस-पास के लोगों का कहना है कि शहर में यही एक मात्र ऐसा स्‍टेडियम है जो निशुल्‍क है। यहां पर प्रतिदिन बड़ी संख्‍या में लोग विभिन्‍न खेलों को खेलते हैं, बड़ी संख्‍या में लोग यहां पर टहलने भी आते हैं। सेना, पुलिस व अन्‍य परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवा मैदान पर आकर अभ्‍यास करते हैं। हॉकी स्‍टेडियम बनने के बाद अन्‍य लोगों से सुविधा छिन जाएगी। लोगों ने आरोप लगाया कि जबरदस्‍ती एक खेल मैदान को कब्‍जाने का प्रयास किया जा रहा है। लोगों का कहना है कि शहर में विभिन्‍न स्‍थान पर जमीन खाली पड़ी है, ऐसे प्राधिकरण को चाहिए कि हॉकी स्‍टेडियम किसी अन्‍य स्‍थान पर बनाया जाए।