द न्यूज गली, नोएडा : साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने व्यापक सोशल मीडिया आधारित साइबर जागरूकता अभियान शुरू किया है। यह अभियान पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र के पर्यवेक्षण में संचालित किया जाएगा।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभियान के तहत विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से नियमित रूप से साइबर सुरक्षा संबंधी जागरूकता सामग्री प्रसारित की जाएगी। इसका उद्देश्य साइबर सुरक्षा को नागरिकों की दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाना है, ताकि लोग डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते समय अधिक सतर्क और सुरक्षित रह सकें।

पुलिस ने लोगों से की अपील
अभियान के माध्यम से फिशिंग, ओटीपी धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट, निवेश संबंधी ठगी, इम्पर्सोनेशन, ऑनलाइन शॉपिंग फ्रॉड, साइबर बुलिंग समेत विभिन्न साइबर अपराधों से बचाव संबंधी जानकारी सरल और व्यवहारिक तरीके से साझा की जाएगी।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे पुलिस के आधिकारिक यूट्यूब और इंस्टाग्राम प्लेटफॉर्म से जुड़कर साइबर जागरूकता संदेशों को देखें, समझें और अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं। इससे सुरक्षित और साइबर-सशक्त समाज के निर्माण में सहयोग मिलेगा।

पुलिस ने बताया कि किसी भी साइबर अपराध या ऑनलाइन धोखाधड़ी की स्थिति में नागरिक तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने नागरिकों की डिजिटल सुरक्षा और साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए निरंतर जनजागरूकता अभियान चलाने की प्रतिबद्धता दोहराई है।