द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित एक्सॉटिका ड्रीमवैली सोसाइटी में मंगलवार सुबह 13वीं मंजिल पर बने एक फ्लैट में आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, सोसाइटी के सुरक्षा कर्मियों और स्थानीय निवासियों की तत्परता के चलते आग पर दमकल विभाग के पहुंचने से पहले ही काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) प्रदीप चौबे के अनुसार, घटना की सूचना सुबह करीब 11 बजे फायर स्टेशन को मिली थी। सूचना मिलते ही गौड़ सिटी फायर यूनिट को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया, जो लगभग 11:10 बजे सोसाइटी पहुंची। वहीं, एथर सहायता के लिए ईकोटेक-3 फायर स्टेशन की टीम को भी भेजा गया था, लेकिन आग बुझ जाने की पुष्टि होने पर उसे रास्ते से ही वापस बुला लिया गया।

बताया गया कि आग 13वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में लगी थी। शुरुआती चरण में सोसाइटी प्रबंधन, सुरक्षा कर्मचारियों और निवासियों ने उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों का उपयोग कर आग को फैलने से रोक दिया। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने निरीक्षण कर स्थिति का आकलन किया और सुरक्षा संबंधी आवश्यक जांच की।

घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।