द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : गोदरेज गोल्फ लिंक्स क्रेस्ट टाउनशिप के 100 से अधिक विला मालिकों ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को याचिका सौंपकर गोदरेज क्राउन रेजिडेंस प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। निवासियों का आरोप है कि फेज-4 में प्रस्तावित बहुमंजिला टावरों का निर्माण उन क्षेत्रों में किया जा रहा है, जिन्हें मूल योजना में ओपन स्पेस, ग्रीन एरिया और निवासियों के विशेष उपयोग के लिए दर्शाया गया था।

विला खरीदते समय अंधेरे में रखा गया
याचिकाकर्ताओं का कहना है कि विला खरीदते समय उन्हें जो स्वीकृत लेआउट, प्लॉट आकार और विकास योजनाएं दिखाई गई थीं, उनमें प्रस्तावित ऊंचे टावरों का उल्लेख नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि बाद में विकास योजना में बदलाव कर उन क्षेत्रों को सार्वजनिक उपयोग की भूमि के रूप में प्रस्तुत किया गया, जिससे खरीदारों के हित प्रभावित हुए हैं।

निवासियों के अनुसार, कुछ सहमति पत्र अधूरी जानकारी के आधार पर प्राप्त किए गए और संबंधित प्राधिकरणों को वास्तविक स्थिति से अवगत नहीं कराया गया। उनका दावा है कि परियोजना से जुड़े ब्रोशर, रेरा दस्तावेजों और अन्य आधिकारिक अभिलेखों में उपलब्ध जानकारी तथा वर्तमान विकास योजना के बीच विसंगतियां हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।

याचिका में यह भी कहा गया है कि जिस स्थान पर पहले ग्रैंड एंट्रेंस और हाई स्ट्रीट रिटेल प्लाजा प्रस्तावित था, वहां अब करीब 25 मंजिला टावर विकसित करने की योजना है। निवासियों का कहना है कि इससे प्राकृतिक रोशनी, हरित क्षेत्र, खुलापन और टाउनशिप का मूल स्वरूप प्रभावित होगा।

विला मालिकों ने प्राधिकरण से मांग की है कि विवाद के अंतिम निस्तारण तक निर्माण कार्य, नई मंजूरियों और किसी भी तीसरे पक्ष को अधिकार हस्तांतरित करने की प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए। साथ ही मूल और संशोधित योजनाओं की जांच कराकर यथास्थिति बनाए रखने तथा खरीदारों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।