द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कार्गो संचालन की शुरुआत हो गई है। बुधवार सुबह पहली मालवाहक उड़ान जेवर स्थित एयरपोर्ट पर उतरी। इसके साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश के उद्योगों और किसानों के लिए घरेलू तथा अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच आसान होने की उम्मीद बढ़ गई है।

अब तक प्रदेश के अधिकांश निर्यातकों को अपने उत्पाद विदेश भेजने के लिए दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के कार्गो टर्मिनल पर निर्भर रहना पड़ता था। इससे समय और परिवहन लागत दोनों बढ़ जाते थे। जेवर एयरपोर्ट पर कार्गो सुविधा उपलब्ध होने से व्यापारियों को राहत मिलेगी और माल की आवाजाही अधिक सुगम होगी।

दिल्ली की 40 परसेंट हिस्सेदारी
विशेषज्ञों की मानें तो उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों से दिल्ली एयरपोर्ट के कार्गो संचालन में करीब 40 प्रतिशत हिस्सेदारी रहती है। नोएडा एयरपोर्ट पर सुविधाएं विकसित होने के बाद इसका बड़ा हिस्सा जेवर की ओर स्थानांतरित हो सकता है। इससे दिल्ली एयरपोर्ट पर दबाव कम होगा और निर्यातकों को बेहतर विकल्प मिलेगा।

उद्योगों को मिलेगा सीधा लाभ
पश्चिमी यूपी में तैयार होने वाली दवाइयां, ताले, पीतल के उत्पाद, वस्त्र और अन्य औद्योगिक सामान अब कम समय में विदेशी बाजारों तक पहुंच सकेंगे। कारोबारियों को ट्रैफिक जाम और अग्रिम बुकिंग जैसी चुनौतियों का भी कम सामना करना पड़ेगा।

किसानों के लिए खुलेगा निर्यात का रास्ता
कार्गो हब का सबसे बड़ा लाभ कृषि क्षेत्र को मिलने की संभावना है। उत्तर प्रदेश के अलावा हरियाणा, राजस्थान और पंजाब के किसान भी अपने फल, सब्जियां, दुग्ध उत्पाद और अन्य कृषि उत्पाद विदेशों तक भेज सकेंगे। एयरपोर्ट परिसर में आधुनिक कोल्ड चेन और उच्च क्षमता वाले डीप फ्रीजर की व्यवस्था विकसित की जा रही है, जिससे नाशवान वस्तुओं की गुणवत्ता बनाए रखने में मदद मिलेगी।

अफकॉम करेगी कार्गो संचालन में सहयोग
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के कार्गो संचालन के लिए यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड और एआई सेट्स ने अफकॉम के साथ साझेदारी की है। चेन्नई स्थित यह अंतरराष्ट्रीय कार्गो एयरलाइन बोइंग 737-800 मालवाहक विमानों का संचालन करती है और बैंकॉक, यांगून, हनोई, कोलंबो, माले तथा दुबई जैसे प्रमुख गंतव्यों को सेवाएं देती है। इससे जेवर एयरपोर्ट को उत्तर भारत के प्रमुख लॉजिस्टिक्स केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।

नए शहरों के लिए बढ़ीं उड़ानें
वाणिज्यिक उड़ानों की शुरुआत के बाद एयरपोर्ट से कनेक्टिविटी भी तेजी से बढ़ रही है। अकासा एयर ने नवी मुंबई और बेंगलुरु के लिए सेवाएं शुरू कर दी हैं, जबकि इंडिगो ने जम्मू के लिए नियमित उड़ान संचालन आरंभ किया है। मंगलवार को एयरपोर्ट पर विभिन्न शहरों से कुल 12 विमानों की आवाजाही दर्ज की गई।