-बीटा एक सेक्‍टर के लोगों ने जताई नाराजगी
-प्राधिकरण और आरडब्ल्यूए के बीच औपचारिक बात की मांग

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: घर-घर से कूड़ा उठाने के नाम पर होने वाली वसूली का बीटा एक सेक्‍टर के लोगों ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। वसूली करने वाले लोगों पर सेक्‍टर निवासियों ने महिलाओं, बुजुर्गों तथा बच्चों के साथ बदसलूकी करने का भी आरोप लगाया है। सेक्‍टर के लोगों का कहना है कि कूड़ा संग्रहण कर्मियों के द्वारा घर-घर जाकर जबरन पैसे मांगे जा रहे हैं और पैसे न देने पर कूड़ा न उठाने की धमकी दी जा रही है। मामले में सेक्‍टर के निवासियों और आरडब्ल्यूए बीटा वन के महासचिव हरेन्द्र भाटी ने कहा कि यदि किसी प्रकार का शुल्क निर्धारित करना है तो पहले प्राधिकरण और आरडब्ल्यूए के बीच औपचारिक बातचीत होनी चाहिए। बिना किसी आधिकारिक सूचना के घर-घर जाकर पैसे मांगना उचित नहीं है।

बनाते हैं दबाव
निवासियों ने आरोप लगाया कि कई बार घर के पुरुष सदस्य मौजूद न होने पर महिलाओं से दबाव बनाकर पैसे मांगने का प्रयास किया जाता है, जो पूरी तरह अनुचित है। सेक्टरवासियों का कहना है कि कूड़ा उठाने की व्यवस्था पहले से ही प्राधिकरण द्वारा संचालित है और यदि कोई अतिरिक्त शुल्क लगाया जाना है तो उसकी जानकारी आधिकारिक रूप से दी जानी चाहिए। सेक्टर के अधिकांश लोग इस तरह की वसूली का विरोध करते हैं और बिना किसी वैधानिक आदेश के कोई भुगतान नहीं करेंगे। वहीं अन्य निवासियों ने भी मांग की कि इस मामले में प्राधिकरण, संबंधित एजेंसी और आरडब्ल्यूए मिलकर स्पष्ट नीति बनाए ताकि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद न हो। सेक्टरवासियों ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में किसी महिला, बुजुर्ग या निवासी के साथ अभद्र व्यवहार किया गया अथवा जबरन वसूली का प्रयास किया गया तो इसकी लिखित शिकायत संबंधित अधिकारियों से की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी।