द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : थाना इकोटेक-3 पुलिस ने बिजली के तार चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के बिजली के तार, कॉपर, 9,500 रुपये नकद तथा वारदात में प्रयुक्त एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

यह सामान हुआ बरामद
पुलिस ने बताया कि बुधवार को लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर निजी कंपनी के पास सर्विस रोड से वसीम, शाहरुख उर्फ बेनामी और रिहान को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 27 बंडल सामान्य बिजली के तार, चार बंडल मोटे बिजली के तार, छह कट्टों में कटे हुए तार, बिजली की खोखली तार तथा 4.1 किलोग्राम कॉपर तार बरामद हुआ। इसके अलावा 9,500 रुपये नकद, एक स्कूटी और बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।

पूछताछ में आरोपियों ने 10 जून और 16 जून को अलग-अलग कंपनियों से बिजली के तार चोरी करने की बात स्वीकार की। इस संबंध में थाना इकोटेक-3 में पहले से मुकदमे दर्ज हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वसीम (23) निवासी उत्तरांचल विहार, बेहटा हाजीपुर, गाजियाबाद, शाहरुख (24) निवासी पुराना कठेरा मोड़, दादरी और रिहान (20) निवासी मेवाती मोहल्ला, दादरी के रूप में हुई है।