-मांगों के समर्थन में लगातार पांच दिनों से जारी है धरना
-कर्मचारियों का कहना मांग पूरी होने के बाद ही समाप्‍त होगा धरना

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: अपनी मांगों के समर्थन में जिम्‍स अस्‍पताल के कर्मचारियों का धरना लगातार पांचवें दिन भी जारी रहा। कर्मचारियों के द्वारा अस्‍पताल के हॉल में धरना दिया जा रहा है। धरना समाप्‍त कराने के लिए अस्‍पताल प्रबंधन ने हॉल की बिजली काट दी, गर्मी के कारण कर्मचारी परेशान हो गए। गर्मी में बिजली कटने के कारण कई कर्मचारियों की तबीयत भी खराब हो गई। धरना देने वाले कर्मचारियों का कहना है कि हमारी मांगों को पूरा करने का अभी तक कोई आश्‍वासन नहीं मिला है। कर्मचारियों ने मांग पूरी होने तक धरना जारी रखने की चेतावनी दी है।

मरीज हो रहे परेशान
धरना देने वाले कर्मचारी पिछले कई साल से अस्‍पताल में काम कर रहे हैं, कर्मचारियों के द्वारा मांग की जा रही है कि उन्‍हें स्‍थाई किया जाए। धरने में लगभग 500 कर्मचारी शामिल हैं। बड़ी संख्‍या में कर्मचारियों के धरने पर चले जाने के कारण अस्‍पताल में सभी व्‍यवस्‍था धराशायी हो गई है। मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। धरने के कारण कई मरीजों का ऑपरेशन नहीं हो पा रहा है। जिला प्रशासन व पुलिस के द्वारा धरना समाप्‍त कराने का कई प्रयास किया जा चुका है लेकिन सफलता नहीं मिल रही है। कर्मचारियों का कहना है कि अस्‍पताल प्रबंधन ने उन्‍हें हॉल खाली करने की चेतावनी दी है।