-अन्‍य चार्जिंग स्‍टेशन बनाने के लिए जगह का किया चयन
-स्‍टेशन बनाने में एनपीसीएल की ली जाएगी मदद

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: इलेक्ट्रिक वाहन लोगों को पसंद आने लगे हैं, जिसका परिणाम है कि शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्‍या में तेजी से इजाफा हुआ है। इन वाहनों को चार्ज करने में लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न आए इसे देखते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शहर में विभिन्‍न स्‍थानों पर इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्‍टेशन बनाने का निर्णय लिया है। जिसके तहत सम्राट मिहिर भोज सिटी पार्क के पास इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन की संख्या एक से बढ़ाकर चार की जाएगी। साथ ही कासना डिपो में पांच चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे।

जगह का हुआ चयन
हाल ही में प्राधिकरण ने 25 इलेक्ट्रिक बसें चलाई हैं। यह बसें जेवर एयरपोर्ट के साथ ही अन्‍य स्‍थानों के लिए चलाई गई है। प्राधिकरण अधिकारियों का कहना है कि बसों में सवारियों के संख्‍या में तेजी से इजाफा हो रहा है।बढ़ती संख्या को देखते हुए शहर के सेक्टरों और आसपास के कस्बों को जोड़ने के लिए नए मार्ग के सर्वेक्षण का काम तेज कर दिया गया है। बसों की चार्जिंग में दिक्‍कत न आए इसे देखते हुए चार्जिंग स्‍टेशनों की संख्‍या बढ़ाई जा रही है। वर्तमान में सम्राट मिहिर भोज सिटी, नॉलेज पार्क में इंडिया एक्सपो मार्ट के आसपास दो चार्जिंग स्टेशन सहित कुछ अन्‍य स्‍थानों पर भी चार्जिंग स्‍टेशन बने हैं। सेक्टर अल्फा दो, जगत फार्म , राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) के पास, एडब्ल्यूएचओ सोसाइटी के पास, अल्फा-1 कमर्शियल बेल्ट, डेल्टा-वन, अंसल प्लाजा मॉल, सेक्टर गामा-1 रेरा दफ्तर, नॉलेज पार्क-2 स्थित एनआईईटी कॉलेज के पास भी जगह का चयन किया गया है। जल्‍द ही वहां पर भी चार्जिंग स्‍टेशन बनाए जाएंगे।