द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा के दादरी कस्बे में शनिवार सुबह एक मकान की तीसरी मंजिल पर भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना ब्रह्मपुरी गेट के पास की है। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

आग लगते ही स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए अपने-अपने घरों से पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। राहत की बात यह रही कि मकान में मौजूद सभी लोगों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात आई सामने
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शॉर्ट सर्किट के कारण छत पर रखे लकड़ी और अन्य वेस्टेज सामान में आग लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) प्रदीप कुमार ने बताया कि सुबह करीब 7:24 बजे ब्रह्मपुरी गेट के पास आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

सीएफओ के अनुसार, मकान की तीसरी मंजिल पर बने एक खुले कमरे में लकड़ी और अन्य अनुपयोगी सामान रखा हुआ था, जिसमें आग लगी थी। अग्निशमन कर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

फायर सर्विस यूनिट ने आग को पूरी तरह बुझा दिया है। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।