-कर्मचारियों का आरोप लंबे समय से नहीं हो रहा भुगतान
-पुलिस के समझाने के बाद वापस लौटे कर्मचारी
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित फ्यूचर वर्ल्ड ग्रुप के चर्चित आवासीय प्रोजेक्ट फ्यूचर एस्टेट पर मजदूरों और ठेकेदारों ने बिल्डर के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए साइट का घेराव किया। ठेकेदार राज कुमार अत्रि के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहे मजदूरों और ठेकेदारों का आरोप है कि बिल्डर द्वारा लंबे समय से उनके बकाया भुगतान का निस्तारण नहीं किया जा रहा है, जिसके चलते उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि परियोजना में कार्य करने वाले अनेक ठेकेदारों और मजदूरों के करोड़ों रुपये लंबे समय से बकाया हैं। कई बार भुगतान की मांग करने के बावजूद उन्हें केवल आश्वासन ही दिए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मजदूरों का आरोप है कि जब भी वे अपने बकाया भुगतान की मांग लेकर साइट पर पहुंचते हैं तो उनकी एंट्री रोक दी जाती है तथा उनके साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और धमकी तक दी जाती है।
धमकाने का आरोप
प्रदर्शन करने वाले ने आरोप लगाया कि बिल्डर के कर्मचारियों और बाउंसरों द्वारा उन्हें डराने-धमकाने का प्रयास किया गया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि कंपनी के मालिक दीपिन अरोड़ा स्वयं मौके पर आकर उनकी समस्याओं का समाधान करें और बकाया भुगतान की स्पष्ट समय-सीमा घोषित करें। इस दौरान कुछ फ्लैट खरीदारों ने भी अपनी नाराजगी जाहिर की। उनका आरोप है कि उन्होंने बिल्डर को निर्धारित राशि का भुगतान कर दिया है, लेकिन लंबे समय बीत जाने के बाद भी उन्हें फ्लैट का कब्जा नहीं दिया गया। खरीदारों का कहना है कि परियोजना में लगातार देरी और पारदर्शिता की कमी के कारण वे मानसिक एवं आर्थिक रूप से परेशान हैं। बिसरख पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे मजदूरों एवं ठेकेदारों को शांत कराया। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों के बीच वार्ता कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारी वापस चले गए।
