-कूड़ा उठाने की एवज में पैसा वसूली का कर रहे विरोध
-प्राधिकरण और आरडब्ल्यूए के बीच समन्वय की मांग
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: कूड़ा उठाने की एवज में पैसों की वसूली का विरोध तेज होता जा रहा है, आलम यह है कि सेक्टरों की आरडब्ल्यूए व ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के बीच सही समन्वय न होने के कारण सेक्टरों में असहज स्थिति उत्पन्न होती जा रही है। किसी न किसी सेक्टर से आए दिन विवाद सामने आ रहा है। प्राधिकरण के संबंधित विभाग के अधिकारी विवाद को निपटाने के लिए आगे नहीं आ रहे हैं। बुधवार को बीटा एक सेक्टर के लोगों ने पैसों की वसूली का विरोध किया। सेक्टर के लोगों का कहना है कि पैसा मांगने के लिए आने वाले लोग पैसा न देने पर कूड़ा न उठाने की धमकी देते हैं। सेक्टर के नागरिकों एवं आरडब्ल्यूए की अध्यक्ष संगीता शर्मा, महासचिव हरेन्द्र भाटी व पदाधिकारियों ने कहा कि यदि किसी प्रकार का शुल्क निर्धारित करना है तो पहले संबंधित प्राधिकरण और आरडब्ल्यूए के बीच समन्वय होना चाहिए। बिना किसी आधिकारिक सूचना के घर-घर जाकर पैसे मांगना उचित नहीं है।

लोगों का आरोप
सेक्टरवासियों का कहना है कि कूड़ा उठाने की व्यवस्था पहले से ही प्राधिकरण द्वारा संचालित है और यदि कोई अतिरिक्त शुल्क लगाया जाना है तो उसकी जानकारी आधिकारिक रूप से दी जानी चाहिए। सेक्टर वासियों ने कहा हम लोग इस तरह की वसूली का विरोध करते हैं और बिना किसी वैधानिक आदेश के कोई भुगतान नहीं करेंगे। लोगों ने मांग की कि मामले में प्राधिकरण, संबंधित एजेंसी और आरडब्ल्यूए मिलकर स्पष्ट नीति बनाए ताकि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद न हो। सेक्टरवासियों ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में किसी महिला, बुजुर्ग या निवासी के साथ अभद्र व्यवहार किया गया अथवा जबरन वसूली का प्रयास किया गया तो दोषियों के खिलाफ उचित मंच पर कार्रवाई की मांग की जाएगी। इस मौके पर RWA अध्यक्ष संगीता शर्मा, महासचिव हरेन्द्र भाटी, कोषाध्यक्ष विपिन भाटी, उपाध्यक्ष राजबीर सिंह, सचिव ओम प्रकाश शर्मा, सलाहकार चौधरी जयपाल सिंह, रूना, सीमा, विद्या देवी, दीपक भाटी, बिना कोठारी, शशि गुप्ता, ज्योति, बिना चौधरी, बीएस पुंडीर, प्रवीण दीपक भाटी, अनुज शर्मा, मनबीर छोकर, धोलू, डा० विनोद गोयल, डीएस सिंह, देशराज बैसोया, सुरेंद्र सैनी, सुदेश, प्रेम सिंह सहित अन्य लोग मौजूद थे।
