द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : जिले के परिषदीय विद्यालयों में तैनात तीन शिक्षिकाएं और 14 शिक्षामित्र लंबे समय से बिना सूचना दिए अनुपस्थित चल रहे हैं। विभागीय नोटिस और सुनवाई के कई अवसर दिए जाने के बावजूद संबंधित कर्मियों ने कोई जवाब नहीं दिया है। अब बेसिक शिक्षा विभाग उनके खिलाफ सेवा समाप्ति की कार्रवाई की तैयारी में है।

बेसिक शिक्षा विभाग ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों से ऐसे शिक्षकों और शिक्षामित्रों की सूची मांगी थी जो लंबे समय से बिना अनुमति के विद्यालयों से अनुपस्थित हैं। जांच में सामने आया कि जेवर, बिसरख और दादरी ब्लॉक की एक-एक शिक्षिका वर्षों से ड्यूटी पर नहीं पहुंची हैं। इनमें से एक शिक्षिका वर्ष 2018 से अनुपस्थित बताई जा रही हैं। इसके अलावा 14 शिक्षामित्र भी लंबे समय से बिना सूचना के गायब हैं।

कारण बताओ नोटिस का नहीं दिया जवाब
विभाग की ओर से पहले कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। जवाब न मिलने पर दोबारा नोटिस भेजे गए और बाद में सुनवाई के लिए तीसरा व चौथा अवसर भी दिया गया, लेकिन किसी भी शिक्षिका या शिक्षामित्र ने विभाग से संपर्क नहीं किया।

वरिष्ठ सहायक ज्योति ने बताया कि विभागीय नियमों के अनुसार यदि कोई शिक्षक नौकरी छोड़कर अन्य सेवा में जाना चाहता है तो उसे तीन माह पूर्व सूचना देनी होती है या तीन माह का मूल वेतन जमा करना होता है। अनुपस्थित शिक्षिकाओं ने इनमें से किसी भी नियम का पालन नहीं किया है।

पहले भी आ चुके हैं ऐसे मामले
विभागीय अभिलेखों के अनुसार इससे पहले भी वर्ष 2014, 2017, 2018, 2019 और 2020 में कई शिक्षक बिना अवकाश स्वीकृत कराए अनुपस्थित पाए गए थे। ऐसे 10 शिक्षकों की सेवाएं समाप्त की जा चुकी हैं। इनमें बिसरख, दादरी, दनकौर और जेवर ब्लॉक के शिक्षक शामिल थे।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने बताया कि बिसरख, जेवर और दादरी ब्लॉक की तीन शिक्षिकाओं के लंबे समय से अनुपस्थित रहने का मामला सामने आया है। संबंधित अभिलेखों की जांच कराई जा रही है। खंड शिक्षा अधिकारियों से विस्तृत जानकारी मांगी गई है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार सेवा समाप्ति सहित आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।