द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : थाना बिसरख क्षेत्र में गोल्डन आई की कमर्शियल बिल्डिंग की नौवीं मंजिल में गुरुवार को आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर सर्विस की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया गया है। आग बिल्डिंग की नौवीं मंजिल पर लगी थी, जिसके चलते कार्यालय में धुआं भर गया। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आग बुझने के बाद फायर विभाग ने मौके का निरीक्षण किया और स्थिति को पूरी तरह सुरक्षित घोषित कर दिया। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की आवश्यक जांच कर रहे हैं।