द न्यूज़ गली, ग्रेटर नोएडा: तिलपता गांव में पैतृक संपत्ति को लेकर विवाद हिंसक हो गया। एक महिला ने अपने भाई और उसके तीन बेटों पर घर में घुसकर हमला करने, प्लॉट पर तोड़फोड़ करने और जेसीबी मशीन से कब्जा करने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता कविता भाटी के अनुसार, उनके पिता और परिवार के अन्य सदस्यों के बीच संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है। उनका कहना है कि उनके पिता ने 150 वर्ग गज का प्लॉट दानपत्र के माध्यम से उनके पति के नाम किया था। प्लॉट की देखरेख के लिए उनका भाई अर्जुन और चचेरा भाई आशीष वहां रुके हुए थे। आरोप है कि एक जुलाई की रात प्रेम सिंह अपने तीन बेटों के साथ वहां पहुंचा और दोनों के साथ मारपीट की, जिसमें अर्जुन गंभीर रूप से घायल हो गया।
तोड़फोड़ करने का भी लगाया आरोप
महिला ने आरोप लगाया कि अगले दिन आरोपी जेसीबी मशीन लेकर फिर प्लॉट पर पहुंचे और तोड़फोड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर चैनपाल के साथ भी मारपीट की गई।
पुलिस ने घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया। अर्जुन की गंभीर हालत को देखते हुए उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूरजपुर कोतवाली प्रभारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
