-स्विट्जरलैंड में जीती आयरनमैन प्रतियोगिता
-17 घंटे का था समय, 14 घंटे में हासिल की उपलब्धि
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की स्टेलर जीवन सोसाइटी निवासी कैंसर विशेषज्ञ (ऑन्कोलॉजिस्ट) डॉ. अभिषेक राज ने स्विट्जरलैंड के खूबसूरत शहर Thun में आयोजित प्रतिष्ठित Ironman Thun प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक पूरा कर देश और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। आयरनमैन दुनिया की सबसे कठिन सहनशक्ति (एंड्योरेंस) प्रतियोगिताओं में गिनी जाने वाली प्रतियोगिताओं में से एक है। इसमें प्रतिभागियों को 3.8 किलोमीटर तैराकी, 180 किलोमीटर साइकिलिंग और 42.2 किलोमीटर (फुल मैराथन) दौड़ निर्धारित समय सीमा 17 घंटे के भीतर पूरी करनी होती है। डॉ. अभिषेक राज ने यह चुनौतीपूर्ण प्रतियोगिता 14 घंटे 29 मिनट में पूरी कर शानदार उपलब्धि हासिल की। इस उपलब्धि के पीछे कई महीनों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगातार अभ्यास रहा।
नहीं हारी हिम्मत
प्रतियोगिता के दौरान उन्हें कई कठिन परिस्थितियों का सामना भी करना पड़ा। तेज हवाओं और ऊंची लहरों के कारण झील में तैराकी बेहद कठिन हो गई। इसी दौरान उनका दाहिना कंधा अपनी जगह से खिसक गया और कुछ समय के लिए उनकी जान पर भी बन आई। लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। एक कायक (रेस्क्यू बोट) का सहारा लेकर अपने मेडिकल ज्ञान और ऑर्थोपेडिक प्रशिक्षण की मदद से कंधे को वापस सही जगह पर लगाया और फिर दोबारा रेस शुरू कर दी। 180 किलोमीटर के साइकिलिंग मार्ग में लगभग 2200 मीटर की चढ़ाई थी, जो लगभग माउंट एवरेस्ट की कुल ऊंचाई के एक-चौथाई के बराबर है। इसे आयरनमैन के सबसे चुनौतीपूर्ण बाइक कोर्सों में माना जाता है। मैराथन के दौरान एक ओर स्विस आल्प्स की खूबसूरत वादियां थीं तो दूसरी ओर निर्मल थुन झील का मनमोहक दृश्य। पूरे रास्ते स्थानीय लोगों के उत्साहवर्धन ने उन्हें लगातार आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उपलब्धि पर डॉ. अभिषेक राज ने कहा कि यह मेरा तीसरा आयरनमैन था, लेकिन अब तक का सबसे कठिन। तेज लहरें, कंधे की चोट, साइकिल की तकनीकी समस्या और कठिन चढ़ाई जैसी कई चुनौतियां आईं, लेकिन मैंने हार नहीं मानी। थुन का यह आयरनमैन हमेशा मेरे दिल के करीब रहेगा। यहां के लोगों का उत्साह और सहयोग अद्भुत था। जो भी ट्रायथलॉन करता है, उसके लिए यह रेस ‘बकेट लिस्ट’ में जरूर होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि पूरी रेस के दौरान उनके शरीर का लगभग 4 किलोग्राम वजन कम हो गया और ऊर्जा बनाए रखने के लिए उन्होंने करीब 1.2 किलोग्राम कार्बोहाइड्रेट का सेवन किया।
