द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा वेस्ट : श्री राधा स्काई गार्डन सोसाइटी के सामने स्थित खुले नाले की सफाई के बाद निकाला गया मलबा और गाद नाले के किनारे ही छोड़ दिए जाने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि बारिश होने पर यह मलबा दोबारा नाले में बह जाएगा, जिससे सफाई का उद्देश्य ही समाप्त हो जाएगा।
हादसे की बनी आशंका
स्थानीय निवासियों का कहना है कि सफाई के दौरान नाले पर बना पैदल पारगमन मार्ग भी हटा दिया गया है। इसके कारण लोगों को लकड़ी के अस्थायी तख्ते के सहारे नाला पार करना पड़ रहा है। प्रतिदिन स्कूल बस पकड़ने वाले बच्चों सहित स्थानीय नागरिक इसी रास्ते का उपयोग करते हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी हुई है।
तत्काल हटाया जाए मलबा
यह क्षेत्र व्यस्त बाजार होने के कारण दिनभर लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में सुरक्षित क्रॉसिंग नहीं होने से दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। लोगों ने संबंधित विभाग से नाले के किनारे पड़े मलबे को तत्काल हटाने, सुरक्षित एवं स्थायी पैदल पारपथ बनाने तथा सफाई कार्य की गुणवत्ता की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो किसी भी समय अप्रिय घटना हो सकती है।
