-पैर कटने के कारण आर्थिक परेशानी में आया परिवार
-पीडित ने डीएम से लगाई कार्रवाई व मुआवजा दिलाने की गुहार

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: दुर्घटना के दौरान पैर में हुए फैक्‍चर का यथार्थ अस्‍पताल में गलत उपचार किया गया। इस कारण पैर में इंफेक्‍शन हो गया, अस्‍पताल ने मरीज से आठ लाख रुपए वसूले और बाद में उसका पैर काटना पड़ा। पैर कटने से परिवार के सामने आर्थिक परेशानी खड़ी हो गई है। पीडित परिवार ने अस्‍पताल प्रबंधन पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाया है। मामले की जांच के लिए टीम का गठन हुआ लेकिन रिपोर्ट नहीं मिली। पीडित परिवार ने सोमवार को मामले की शिकायत डीएम से की है। मुआवजा दिलाने के साथ ही अस्‍पताल पर कार्रवाई की मांग की है। मामले में अस्‍पताल प्रबंधन का पक्ष जानने का प्रयास किया गया लेकिन उन्‍होंने कोई जवाब नहीं दिया।


यह था मामला
दनकौर के गांव नवादा के रहने वाले ओमवीर का कहना है कि दो वर्ष पूर्व दुर्घटना में उनके पैर में फैक्‍चर हो गया था। परिवार के लोगों ने उन्‍हें यथार्थ अस्‍पताल में भर्ती कराया। अस्‍पताल में उपचार हुअ, रॉड डालने के बाद प्‍लास्‍टर चढ़ा दिया। गलत उपचार के कारण पैर में इंफेक्‍शन हो गया। ओमवीर का कहना है कि इंफेक्‍शन की बात बताए बिना डाक्‍टरों ने मरीज को डिस्‍चार्ज कर दिया। पैर में लगातार दर्द होने पर दूसरे अस्‍पताल में जांच कराई तो इंफेक्‍शन की जानकारी हुई। इस कारण पैर काटना पड़ गया। शिकायत के बाद एक टीम का गठन हुआ था लेकिन टीम ने रिपोर्ट आज तक नहीं दी। ओमवीर का कहना है कि डॉक्टरों ने ऑपरेशन के नाम पर करीब 7 लाख रुपये और बाद में संक्रमण का हवाला देकर लगभग 1.20 लाख रुपये अतिरिक्त जमा कराए थे।पीड़ित परिवार ने डीएम से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर अस्पताल और चिकित्सकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा मुआवजा दिलाने की मांग की है।