-कुलेसरा, हल्‍दौनी, हबीबपुर, जलपुरा के व्‍यापारियों ने लिया निर्णय
-दुकान खोलने वालों पर पांच हजार जुर्माना लगाने की मांग

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: सरकार के नियम के तहत जिले के हर क्षेत्र में साप्‍ताहिक बंदी का दिन निर्धारित है, लेकिन देखने में आता है कि काफी दुकानदार साप्‍ताहिक बंदी के दिन भी दुकान खोलते हैं। ऐसे दुकानदारों के खिलाफ कुलेसरा, हल्‍दौनी, हबीबपुर, जलपुरा, सुतियाना, एमनाबाद, बिसरख, पतवाडी व अलीवर्दीपुर के व्‍यापारियों ने कार्रवाई का निर्णय लिया है। बैठक के बाद व्‍यापारियों ने निर्णय लिया है कि साप्‍ताहिक बंदी वाले दिन कोई भी दुकान नहीं खोलेगा। डीएम को पत्र लिखकर मांग की है कि यदि कोई दुकानदार साप्‍ताहिक बंदी वाले दिन दुकान खोलता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए।

लगाया जाए जुर्माना
कुलेसरा, हल्‍दौनी, हबीबपुर, जलपुरा, सुतियाना, एमनाबाद, बिसरख, पतवाडी व अलीवर्दीपुर के व्‍यापारियों ने साप्‍ताहिक बंदी वाले दिन दुकान बंद करने को लेकर बैठक की। दुकानदारों ने निर्णय लिया कि यदि कोई व्‍यापारी मंगलवार को भी दुकान खोलता है तो उस पर पांच हजार रुपए का जुर्माना लगाया जाए। साथ ही निर्णय लिया कि साप्‍ताहिक बंदी वाले दिन दुकान खोलने वाले व्‍यापारी का किसी भी प्रकार से समर्थन नहीं किया जाएगा। मांग के समर्थन में व्‍यापारियों ने डीएम को पत्र भी लिखा है। बैठक में अमित कुमार, जावेद, सौरभ, रजनीश, राजेश, संदीप, दानिश सहित अन्‍य लोग मौजूद थे।