-IBA की टीम ने समस्याओं की दी जानकारी
-उद्यमियों को सभी समस्याओं के समाधान का दिया आश्वासन
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) के द्वारा औद्योगिक क्षेत्र ईकोटेक-3 की लगातार उठाई जा रही समस्याओं का निरीक्षण करने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ACEO सुमित यादव पहुंचे। उन्होंने प्राधिकरण के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ इकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। IBA अध्यक्ष अमित उपाध्याय ने क्षेत्र में साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण, ड्रेनेज, सीवरेज, सड़क, जलभराव एवं हॉर्टिकल्चर से संबंधित समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया।अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कूड़े के ढेर तत्काल हटाने, नियमित सफाई सुनिश्चित करने, झाड़ियों की कटाई तथा मानसून से पूर्व सभी ड्रेनों की युद्धस्तर पर सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क के गड्ढों को फिलहाल गिट्टी डालकर रोलर से दुरुस्त करने, सड़क चौड़ीकरण का कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराने तथा निर्माणाधीन चौड़ी आरसीसी ड्रेन के कार्य में तेजी लाने के भी निर्देश दिए।

जल निकासी व्यवस्था को परखा
सुमित यादव ने बड़े नाले से जुड़ रही निर्माणाधीन कलवर्ट एवं जल निकासी व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। एसीईओ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ड्रेनेज, गार्बेज, सीवरेज, सड़क अथवा हॉर्टिकल्चर किसी भी समस्या के कारण उद्यमियों को परेशानी नहीं होनी चाहिए तथा उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान किया जाए। इस अवसर पर अमित उपाध्याय ने कहा कि संस्था का प्रयास केवल समस्याओं को उठाना नहीं, बल्कि उनके समाधान को धरातल पर सुनिश्चित कराना है। IBA लगातार औद्योगिक क्षेत्रों को स्वच्छ, सुंदर, सुविधायुक्त एवं आदर्श औद्योगिक सेक्टर के रूप में विकसित कराने के लिए शासन-प्रशासन और प्राधिकरण के साथ प्रभावी समन्वय कर रही है। यह प्रयास पूरी प्रतिबद्धता के साथ निरंतर जारी रहेगा। निरीक्षण के दौरान प्राधिकरण के स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक चेतराम सिंह, प्रोजेक्ट विभाग के मैनेजर प्रशांत समाधिया, सुपरवाइजर जितेंद्र कुमार, प्रमोद कुमार, अनिल कुमार, धनेश भाटी सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी तथा इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) की टीम के सदस्य एवं पदाधिकारीगण मौजूद थे।
