द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित पंचशील ग्रीन्स-2 सोसायटी के मुख्य गेट के बाहर बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्कूल बस का इंतजार कर रहे बच्चों को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में बच्चे और कुछ अभिभावक घायल हो गए। एक बच्ची भी फंस गई, जिसे मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत बाहर निकाला।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चला रही महिला अपने बच्चे को स्कूल छोड़ने जा रही थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि महिला वाहन चलाते समय मोबाइल फोन देख रही थी। इसी दौरान कार अनियंत्रित हो गई। सबसे पहले उसने सड़क किनारे खड़ी दो स्कूटी को टक्कर मारी और फिर बच्चों व अभिभावकों को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
