द न्यूज गली, नोएडा : थाना फेस-1 पुलिस ने कम ब्याज दर पर लोन दिलाने का झांसा देकर लोगों से प्रोसेसिंग फीस के नाम पर साइबर ठगी करने वाले एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने सेक्टर-2 स्थित डी-80 भवन की पहली मंजिल पर संचालित कॉल सेंटर पर छापा मारकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से पांच मोबाइल फोन, तीन लैपटॉप, छह चेकबुक, एक पासबुक, 160 कॉलिंग डेटा शीट, 11 स्क्रिप्ट बुक, एक बिलिंग बुक और एक इंटरनेट राउटर बरामद किया गया।
ऑपरेशन साइबर वज्र के तहत हुई कार्रवाई
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन कुमार, मोहित, हर्ष शर्मा, स्वाती और प्रीति के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार कार्रवाई “ऑपरेशन साइबर वज्र” के तहत लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से की गई। एनसीआरपी पोर्टल पर मिली शिकायतों और संदिग्ध बैंक खातों की जांच के दौरान इस गिरोह का खुलासा हुआ।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लोन की जरूरत वाले लोगों को कम ब्याज दर पर ऋण दिलाने का लालच देकर उनसे प्रोसेसिंग फीस जमा कराते थे। इसके बाद आधार कार्ड, पैन कार्ड, ओटीपी और बैंक खाते की जानकारी हासिल कर लेते थे, लेकिन न तो लोन उपलब्ध कराते थे और न ही जमा की गई रकम वापस करते थे।
10 से ज्यादा शिकायत दर्ज मिली
पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह के खिलाफ एनसीआरपी पोर्टल पर विभिन्न राज्यों से 10 से अधिक शिकायतें दर्ज हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने इस तरीके से कई लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी की है।
