द न्यूज गली, नोएडा : सेक्टर-58 में जलभराव और खुले नाले ने एक युवा इंजीनियर की जान ले ली। सुबह मूसलाधार बारिश के बीच ऑफिस जा रहे 27 वर्षीय आर्यन नाले के टूटे स्लैब से होकर गुजर रहे थे। इसी दौरान उनका पैर फिसला और वह नाले में गिर गए। लोगों ने उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

चौड़ा गांव में किराए पर रहते थे आर्यन
पुलिस ने बताया कि मूल रूप से फर्रुखाबाद के रहने वाले आर्यन चौड़ा गांव में किराये पर रहते थे और सेक्टर-58 स्थित एक निजी कंपनी में टेक्निकल सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने हाल ही में बीटेक की पढ़ाई पूरी की थी।

सड़क पर भरा हुआ था पानी
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुबह करीब नौ बजे भारी बारिश के कारण सेक्टर-58 की सड़कें जलमग्न थीं। सड़क पर पानी अधिक होने से आर्यन नाले के ऊपर बने स्लैब के सहारे आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान ए-3 कंपनी के सामने लगे ट्रांसफार्मर में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से तेज आवाज और चिंगारियां निकलीं। बताया जाता है कि इससे वह घबरा गए और उनका पैर पानी में डूबे टूटे स्लैब पर पड़ गया। संतुलन बिगड़ने से वह सीधे नाले में गिर गए।

आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

कोतवाली सेक्टर-58 प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट में मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है, इसलिए विसरा सुरक्षित रख लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। अभी तक इस संबंध में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।