-लाइट लगने से गांवों में डार्क जोन होंगे रोषन
-स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए टेंडर प्रक्रिया हुई पूरी
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के 17 गांवों में करीब 2600 एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इससे गांवों में डार्क जोन खत्म होगा और सुरक्षा बेहतर होगी। प्राधिकरण ने स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए सर्वे पूरा हो गया है, एक माह में स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य शुरू करने की तैयारी है।
ज्ञात हो कि ग्रेटर नोएडा के सेक्टरों व गावों में डार्क जोन चिंहित हैं। इन जगहों पर एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाई जा रही है। इस कार्य पर लगभग 3.5 करोड़ रुपए खर्च होंगे। प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर विद्युत अभियांत्रिकी विभाग ने एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाने के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है।
इन गांवों में लगेगी लाइट
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के 17 गावों में भी डार्क जोन चिंहित हैं। यह गांव सूरजपुर, भोला रावल, तिलपता करनवास, कुलेसरा, कैलाशपुर उर्फ किराचपुर, बिसरख, ऐमनाबाद, सादोपुर, इटेड़ा, खोदना खुर्द, खैरपुर गुर्जर, छपरौला, खेड़ा धर्मपुरा, मिलकलच्छी, खेड़ी, भनौता व सुनपुरा हैं। इनमें एलईडी स्ट्रीट लाइटें जल्द लगाई जाएंगी। इनकी लोकेशन चिंहित करने के लिए सर्वे भी पूरा हो गया है। स्ट्रीट लाइट जल्द लगनी शुरू हो जाएंगी। ज्ञात हो कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पुरानी सोडियम लाइटों को हटाकर एलईडी स्ट्रीट लाइट के साथ ही डार्क जोन को रोशन किया जा रहा है। अब तक गांवों व सेक्टरों को मिलाकर एक लाख से अधिक स्ट्रीट लाइटें लगाई जा चुकी हैं। अगले एक माह में स्ट्रीट लाइट लगाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह का कहना है कि ग्रेटर नोएडा व ग्रेनो वेस्ट में डार्क जोन को चिंहित कर एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई जा रहीं हैं। फिलहाल ग्रेटर नोएडा वेस्ट के 17 गांवों में एलईडी लाइट लगाने का कार्य किया जा रहा है। इसकी टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
