-IBA ने गार्बेज कलेक्‍शन के लिए लिखा था पत्र
-उद्यमियों ने प्राधिकरण अधिकारियों का जताया आभार

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) ने उद्योग विहार एक्सटेंशन, इकोटेक-2 औद्योगिक क्षेत्र की वर्षों पुरानी मूलभूत समस्याओं को लेकर ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीलक्ष्मी बीएस को पत्र प्रेषित किया था। पत्र का त्वरित संज्ञान लेते हुए उन्होंने संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। प्राधिकरण अधिकारियों की टीम ने क्षेत्र का दौरा किया था। एक ऐतिहासिक पहल करते हुए इकोटेक-3 के साथ ही उद्योग विहार एक्सटेंशन, इकोटेक-2 में भी डोर-टू-डोर गार्बेज कलेक्शन व्यवस्था का औपचारिक शुभारंभ IBA एवं प्राधिकरण की संयुक्त उपस्थिति में किया गया। वरिष्ठ प्रबंधक चेतराम सिंह ने आश्वस्त किया कि आगामी पाँच दिनों के भीतर क्षेत्र में वर्षों से लंबित सफाई, कूड़ा निस्तारण, ड्रेनेज सुधार एवं स्वच्छता संबंधी कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराए जाएंगे। साथ ही वर्क सर्किल द्वारा सड़क एवं अतिक्रमण संबंधी कार्य, हॉर्टिकल्चर विभाग द्वारा पौधारोपण एवं हरित विकास, विद्युत विभाग द्वारा स्ट्रीट लाइट व्यवस्था तथा अन्य सभी मूलभूत सुविधाओं पर युद्धस्तर पर कार्य किया जाएगा। अधिकारियों ने यह भी आश्वस्त किया कि क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा तथा चरणबद्ध तरीके से श्रमिक सुविधा केंद्र, सार्वजनिक शौचालय, हरित पट्टी, सीसीटीवी कैमरे एवं अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएँ भी विकसित की जाएंगी, जिससे उद्योग विहार एक्सटेंशन एक आदर्श औद्योगिक क्षेत्र के रूप में स्थापित हो सके।

कार्य को सराहा
इस अवसर पर IBA के अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने जिस संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ उद्यमियों की समस्याओं का संज्ञान लिया है, वह अत्यंत सराहनीय है। मुख्य कार्यपालक अधिकारी रवि कुमार एनजी के कुशल नेतृत्व तथा अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीलक्ष्मी बीएस के निर्देशन में जिस गति से औद्योगिक क्षेत्रों में विकास कार्य हो रहे हैं, उससे उद्यमियों का विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है। हमें पूर्ण विश्वास है कि शीघ्र ही उद्योग विहार एक्सटेंशन सहित सभी औद्योगिक क्षेत्रों का व्यापक कायाकल्प होगा। इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) की ओर से मुख्य कार्यपालक अधिकारी रवि कुमार एनजी, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीलक्ष्मी बी एस, एजीएम आरडी पांडे, वरिष्ठ प्रबंधक चेतराम सिंह, प्रबंधक रोहित गुप्ता तथा प्राधिकरण की समस्त विभागीय टीम का उद्यमी हित में त्वरित एवं सकारात्मक कार्रवाई के लिए हार्दिक आभार व्‍यक्‍त किया गया। IBA ने विश्वास व्यक्त किया कि प्राधिकरण के सक्षम नेतृत्व, अधिकारियों की सक्रिय कार्यशैली एवं विभागीय टीमों की निरंतर मेहनत से निकट भविष्य में ग्रेटर नोएडा के सभी औद्योगिक एवं आवासीय क्षेत्रों में स्वच्छता, ड्रेनेज, हरित विकास एवं आधारभूत संरचना का व्यापक कायाकल्प होगा।