द न्यूज गली, नोएडा : सेक्टर-58 थाना पुलिस ने गाड़ी की साइड लगने के विवाद में हुई मारपीट के मामले में वांछित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो कार भी बरामद की है।

पुलिस ने बताया कि 17 जुलाई को ग्राम नवादा मार्केट में गाड़ी की साइड लगने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के दौरान कुछ लोगों ने एक युवक के साथ मारपीट की। पीड़ित की शिकायत पर थाना सेक्टर-58 में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

62 गोलचक्कर से हुई गिरफ्तारी
जांच के दौरान लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से पुलिस ने मंगलवार को सेक्टर-62 गोलचक्कर के पास से पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आयुष कुमार सिंह, आयुष मिश्रा, आत्मन मिश्रा, सुमित और कपिन्दर सिंह के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो (UP16ES9552) बरामद कर ली गई है। सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।