द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : थाना दादरी पुलिस और ग्रेटर नोएडा एसओजी टीम की बुधवार को घोड़ी बछेड़ा-हजरतपुर नहर बंबा मार्ग पर हुई मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके दो साथियों को कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्नैच किया गया लॉकेट, अवैध तमंचा, दो चाकू, चोरी के आभूषण, 40 हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त एक आर-15 मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।

स्नैचिंग की घटना को देते थे अंजाम
पुलिस ने बताया कि चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वे भागने लगे। पीछा करने पर कुछ दूरी पर उनकी बाइक फिसलकर गिर गई। पुलिस का कहना है कि इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में आलम (21) निवासी रामनगर, गुलावठी, बुलंदशहर के पैर में गोली लगी। इसके बाद सद्दाम (20) और जिसान (20) को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने 23 जुलाई को दादरी क्षेत्र में एक महिला से पीली धातु के लॉकेट की स्नैचिंग तथा करीब 15 दिन पहले म्यू-1 क्षेत्र के एक बंद मकान में चोरी की वारदात करना स्वीकार किया है। पुलिस के अनुसार, चोरी के आभूषण और उन्हें बेचकर प्राप्त 40 हजार रुपये भी बरामद किए गए हैं।