द न्यूज गली, नोएडा : सेक्टर-126 थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय दोपहिया वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की नौ मोटरसाइकिल, एक स्कूटी तथा एक अवैध .315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास कुमार निवासी बुलंदशहर (वर्तमान पता खोड़ा, गाजियाबाद), रोहित निवासी बुलंदशहर (वर्तमान पता सलारपुर, नोएडा) और कुलदीप निवासी बुलंदशहर के रूप में हुई है। तीनों को गढ़ी शाहपुर कट, सेक्टर-131 के पास से गिरफ्तार किया गया।

भीड़भाड़ वाले क्षेत्र से चुराते थे बाइक
डीसीपी ने बताया कि आरोपी दिल्ली-एनसीआर में मॉल, अस्पताल, मेट्रो स्टेशन, बाजार और आवासीय क्षेत्रों के बाहर खड़े दोपहिया वाहनों की रेकी कर उन्हें चोरी करते थे। चोरी के बाद वाहन सुनसान स्थानों पर छिपा दिए जाते थे और पहचान मिटाने के लिए इंजन व चेसिस नंबर घिस दिए जाते थे। बाद में इन्हें सस्ते दामों पर बेच दिया जाता था।

पूछताछ में आरोपियों ने दिल्ली और नोएडा से कई वाहन चोरी करने की बात स्वीकार की है। उनकी निशानदेही पर सेक्टर-131 स्थित यमुना डूब क्षेत्र की झाड़ियों से चोरी के वाहन बरामद किए गए। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त से जुड़े लोगों की तलाश कर रही है।