द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा के थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र स्थित एटीएस प्रिस्टीन सोसाइटी में सोमवार को एक 19 वर्षीय युवती का शव फंदे से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं।

सीतापुर की रहने वाली थी सोनम
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान सोनम (19) पुत्री रामपाल सिंह निवासी ग्राम बासखेड़ा, थाना अटरिया, जनपद सीतापुर के रूप में हुई है। वह पिछले करीब एक वर्ष से सोसाइटी के एक फ्लैट में घरेलू सहायिका (मेड) के रूप में कार्य कर रही थी और फ्लैट के सर्वेंट रूम में रहती थी।

डायल 112 से मिली पुलिस को सूचना
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सोनम ने रविवार देर रात किसी समय अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना डॉयल-112 के माध्यम से पुलिस को मिली, जिसके बाद थाना नॉलेज पार्क पुलिस मौके पर पहुंची।

मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।