-बकाया धनराशि जमा न करने पर हुई कार्रवाई
-जल्द ही बिल्डरों की संपत्ति हो सकती है नीलाम
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: बिल्डरों की मनमानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। जिला प्रशासन के द्वारा लगातर दिए जा रहे नोटिस के बाद भी बिल्डरों ने बकाया धनराशि जमा नहीं की। बड़ा कदम उठाते हुए जिला प्रशासन ने चार बिल्डरों के कार्यालय व परियोजनाओं को सील कर दिया। इन पर करोड़ों रुपए बकाया है। साथ ही प्रशासन ने कई अन्य बिल्डरों को अंतिम नोटिस भी जारी किया है। बिल्डरों को चेतावनी दी गई है कि यदि उन्होंने जल्द बकाया राशि जमा नहीं की तो उनके बैंक खाते कुर्क व फ्रीज करने के साथ ही चल व अचल संपत्ति को नीलाम करने की कार्रवाई भी की जाएगी। प्रशासन की कार्रवाई के बाद बिल्डरों के माथे पर बल पड़ा है।
इन बिल्डरों पर कार्रवाई
बिल्डरों पर कार्रवाई एसडीएम दादरी के द्वारा की गई है। यह कार्रवाई एलीगेंट इंफ्राकॉम, गायत्री हॉस्पीटेलिटी, महागुन इंडिया व साया सिमेनरेशन बिल्डर पर हुई है। अधिकारी ने बताया कि एलीगेंट इंफ्राकॉम बिल्डर पर लगभग 11 करोड़, गायत्री हॉस्पीटेलिटी पर लगभग 7 करोड़, महागुन इंडिया पर लगभग 13 करोड़ व साया सिमेनरेशन बिल्डर पर लगभग 6 करोड़ रुपए की राशि बकाया है। बकाया राशि जमा करने के लिए इन बिल्डरों को पूर्व में कई बार नोटिस भेजा जा चुका है, लेकिन बिल्डरों के द्वारा पैसा जमा नहीं किया जा रहा है।
