-CAPP ने फीडबैक फाउंडेशन के साथ आयोजित किया कार्यक्रम
-दिल्‍ली पब्लिक स्‍कूल के छात्रों ने की शिरकत

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: कैंपेन अगेंस्ट प्लास्टिक पॉल्यूशन (CAPP) ने फीडबैक फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट (FFCT) एवं ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GNIDA) के सहयोग से मिहिर भोज पार्क, ग्रेटर नोएडा में स्वच्छता अभियान (Clean-Up Drive) तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (SWM) नियम, 2026 पर एक जागरूकता सत्र आयोजित किया। कार्यक्रम में दिल्ली पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत पार्क परिसर में स्वच्छता अभियान से हुई, जिसमें विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों एवं अधिकारियों ने मिलकर प्लास्टिक एवं अन्य बिखरे हुए कचरे को एकत्रित किया तथा स्वच्छता एवं प्लास्टिक प्रदूषण रोकने का संदेश दिया। इस अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने के लिए सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देना था।

छात्रों को दी अहम जानकारी
स्वच्छता अभियान के उपरांत विद्यार्थियों के लिए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (SWM) नियम, 2026 पर एक संवादात्मक जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान छात्रों को चार प्रकार के कचरा गीला कचरा, सूखा कचरा,सैनिटरी कचरा व विशेष देखभाल वाले कचरे के पृथक्करण के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के संदेशवाहक बनने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वच्छ एवं प्रदूषण-मुक्त वातावरण के निर्माण में प्रत्येक नागरिक, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।