द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा:सामाजिक संगठन महिला उन्नति संस्था ने ग्रेटर नोएडा वेस्‍ट में राजकीय महाविद्यालय खोलने की मांग की है।मांग के समर्थन में संस्‍था के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्ट्रेट गौतमबुद्धनगर पहुंचकर प्रशासनिक अधिकारी अनुराग सारस्वत के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ के नाम ज्ञापन सौंपा। संस्‍था के संस्थापक डा.राहुल वर्मा ने बताया कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट की वर्तमान आबादी लगभग 8 लाख है, जो आने वाले वर्षों में दोगुनी होने की संभावना है। इसके बावजूद इतने बड़े क्षेत्र में एक भी राजकीय महाविद्यालय उपलब्ध नहीं है। परिणामस्वरूप छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए निजी शिक्षण संस्थानों में प्रवेश लेना पड़ता है, जहां की महंगी फीस आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी बाधा है। इसी कारण अनेक प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा से वंचित रह जाते हैं। महासचिव अनिल भाटी ने कहा कि नोएडा स्थित एकमात्र राजकीय महाविद्यालय में सीटों की संख्या सीमित है तथा ग्रेटर नोएडा वेस्ट से उसकी दूरी अधिक होने के कारण विशेष रूप से छात्राओं की शिक्षा प्रभावित होती है।
इस अवसर पर संस्था के प्रतिनिधियों ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक नागरिक का मूल अधिकार है और सरकार को क्षेत्र की आवश्यकता के अनुरूप उच्च शिक्षा के संस्थानों का विस्तार करना चाहिए। इस अवसर पर जहीर सैफी, नेक सिंह रावत और राजकुमार गौतम सहित अन्‍य लोग मौजूद थे।
महिला उन्नति संस्था ने की राजकीय महाविद्यालय की मांग:ग्रेटर नोएडा वेस्ट में महाविद्यालय के लिए मुख्‍यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन