-संविदा,आउटसोर्स व प्लेसमेंट कर्मचारियों ने दी चेतावनी
-नए आदेश से कर्मचारियों में है भारी नाराजगी

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने हाल ही में एक नया आदेश पारित है। आदेश में टेक्निकल सुपरवाइजर एवं सुपरवाइजर के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने संबंधी प्राविधान का उल्लेख किया गया है। जिससे कर्मचारियों में भय, असुरक्षा एवं मानसिक दबाव का वातावरण उत्पन्न हो गया है। इस आदेश से संविदा,आउटसोर्स व प्लेसमेंट के लगभग 4000 कर्मचारियों में भारी नाराजगी व्‍याप्‍त हो गई है। कर्मचारियों का कहना है कि ऐसे आदेश से न केवल कर्मचारियों का मनोबल प्रभावित होगा बल्कि
कर्तव्य, निष्ठा, ईमानदारी से सेवाएं देने में भी समस्याएं आएँगी। उनके परिवारों एवं आश्रितों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। जिसके विरोध में कर्मचारियों ने सोमवार को प्राधिकरण कार्यापर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने मंगलवार 4 जुलाई से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है।

यह है मांग
कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि उनका आंदोलन पूर्णतः शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक दायरे में रहेगा।
जिसमें हेल्पर, सुपरवाइजर, टेक्निकल सुपरवाइजर, इंजीनियर, बाबू, पत्रवाहक, वाहन चालक, चपरासी,प्लेसमेंट सहायक प्रबंधक, प्रबंधक सभी शामिल रहेगें। कर्मचारियों ने मांग की कि आदेश संख्या ग्रे0नो0/जी0एम0(प्रोजेक्ट)/2026/1181 दिनांक 31.07.2026 को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए। हाल के दिनों में सेवा से हटाए गए कर्मचारियों को पुनः कार्य पर बहाल किया जाए। सभी आउटसोर्स कर्मचारियों को पहचान-पत्र (आईडी कार्ड) जारी किए जाए। सभी कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य कार्ड एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाए। कार्य के दौरान किसी कर्मचारी के दुर्घटनाग्रस्त होने की स्थिति में बीमा सुरक्षा एवं उचित मुआवजा सुनिश्चित किया जाए। नोएडा प्राधिकरण की तर्ज पर सभी आउटसोर्स कर्मचारियों का वेतन समान हो एवं प्रत्येक छह माह के अंतराल पर नियमित वेतनवृद्धि की नियमावली सुनिश्चित की जाए। हेल्पर, पत्रवाहक एवं चपरासी के वेतन की बढ़ोतरी वर्तमान तक नहीं हुई है, जिसे बढ़ाया जाए।