-रैली से दादरी में नए समीकरण की चर्चाएं हुई तेज
-युवा व बुजुर्गों के साथ ही बड़ी संख्‍या में महिलाओं ने भी की शिरकत

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: तमाम चर्चाओं व उठापटक के बीच सोमवार को दादरी में भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक आत्‍मनिर्भर भारत संकल्‍प जनसभा की। कार्यक्रम में भाजपा के नए प्रदेश अध्‍यक्ष पंकज चौधरी व पश्चिमी उत्‍तर प्रदेश के अध्‍यक्ष नवाब सिंह नागर का भव्‍य स्‍वागत हुआ। रैली में आई भीड़ को देखकर प्रदेश अध्‍यक्ष गदगद हो गए। बारिश के बावजूद भीड़ का आलम यह था कि पंडाल के अंदर ही नहीं बाहर भी लोग जमा थे। कार्यक्रम के अंत तक लोग अपने स्‍थान पर डटे रहे। रैली की भीड़ से कुछ नेताओं के माथे पर बल भी पड़ा। रैली में उम्‍मीद से अधिक भीड़ जुटाकर टीम सुरेंद्र नागर ने अपनी शक्ति का एहसास कराया। रैली के सफल आयोजन के बाद से विधानसभा चुनाव-2027 में दादरी में नए समीकरण की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।

जनता का दिखा समर्थन
रैली में जुटी भीड़ ने जन-जन तक भाजपा की मजबूती का एहसास कराया। इस अवसर पर पंकज चौधरी ने कहा कि रैली में जुटी जनता की भीड़ ने एहसास करा दिया है कि 2027 में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। इस क्षेत्र की सभी सीटों पर भाजपा प्रत्‍याशियों की एतिहासिक जीत होगी। एक सवाल के जवाब में उन्‍होंने समाजवादी पार्टी के नेताओं पर निशाना साधा। सांसद डाक्‍टर महेश शर्मा ने कहा कि रैली में जनता का प्‍यार देखने को मिला। यह सब पार्टी के द्वारा लगातार कराए जा रहे विकास कार्य की बदौलत है। राज्‍यसभा सांसद सुरेंद्र नागर ने कहा कि इस क्षेत्र के युवा, किसान व महिलाओं को नरेंद्र मोदी की सरकार के द्वारा कराए गए कार्यों पर पूर्ण विश्‍वास है। नवाब सिंह नागर ने कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए आगामी चुनावों के लिए संगठन को मजबूत करने व पूरी मेहनत से पार्टी के विश्‍वास पर खरा उतरने की अपील की। साथ ही रैली में भाजपा विधायक तेजपाल नागर, पंकज सिंह, धीरेंद्र सिंह, एमएलसी श्रीचंद्र शर्मा, नरेंद्र भाटी, भाजपा जिलाध्‍यक्ष अभिषेक शर्मा, दादरी नगर पालिका अध्‍यक्ष गीता पंडित सहित अन्‍य नेताओं ने भी अपने विचार रखे।