द न्यूज़ गली, ग्रेटर नोएडा : थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र स्थित आईएलजीआईएम (ILGIM) कंपनी, जहां इलेक्ट्रॉनिक चिप बनाने का कार्य होता है। सोमवार देर रात कंपनी में भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

एक साइड की दीवार गिर गई
रेस्क्यू और आग बुझाने के दौरान कंपनी परिसर की एक साइड की दीवार और लोहे का एक बीम अचानक भरभराकर गिर गया। इसकी चपेट में आने से फायर सर्विस के पांच कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह, फायरमैन मनीष कुमार, फायरमैन अमित कुमार और फायरमैन रोहित यादव शामिल हैं।

सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने फायरमैन रोहित यादव और मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं राजपाल सिंह, मनीष कुमार और अमित कुमार का उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार तीनों की हालत खतरे से बाहर है।

घटना के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रही। पुलिस ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।