-प्राधिकरण व स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची सोसायटी
-जल्द कराई जाएगी पानी की टंकी की सफाई
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की निराला ग्रीन आर्क सोसायटी में दूषित पानी पीने से बीमार हुए 100 से अधिक लोगों की जांच के लिए बृहस्पतिवार को सोसायटी में स्वास्थ्य शिविर लगवाया गया। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि दूषित पानी पीने से 25 लोग बीमार हुए हैं। जिन्हें पेट में दर्द, उल्टी व अन्य परेशानी हुई थी। जांच के बाद सभी को दवाओं का वितरण भी किया गया है। वहीं सोसायटी के लोगों का दावा है कि बीमार लोगों की संख्या 100 से अधिक है। बीमार लोग निजी डाक्टर व अस्पताल में अपना उपचार करा रहे हैं। सोसायटी के लोगों ने एओए प्रबंधन से पानी की टंकी की जल्द सफाई कराने की मांग की है।
खरीदकर मंगा रहे पानी
दूषित पानी पीने से ग्रेटर नोएडा वेस्ट की विभिन्न सोसायटी में पिछले वर्ष भी काफी लोग बीमार हुए थे। दोबारा लोगों के बीमार होने के बाद अन्य सोसायटी के लोगों में डर व्याप्त हो गया है। लोगों के बीमार होने के बाद निराला ग्रीन आर्क सोसायटी के लोगों ने सोसायटी में सप्लाई होने वाले पानी से दूरी बना ली है। लोगों के द्वारा खरीदकर पानी मंगाया जा रहा है। सोसायटी के लोगों का कहना है कि जब तक टंकी की सफाई नहीं हो जाती है सप्लाई के पानी का उपयोग नहीं करेंगे।
