द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा की आवासीय सोसाइटियों और सेक्टरों में बढ़ते स्ट्रे डॉग विवादों के समाधान के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने नई पहल शुरू की है। अब हर गुरुवार संबंधित सोसाइटी के प्रतिनिधियों, प्रशासन और अन्य संबंधित पक्षों के साथ बैठक कर आपसी सहमति से डॉग फीडिंग प्वाइंट तय किए जाएंगे।
प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से यह पहल शुरू की गई है। बैठक की अध्यक्षता महाप्रबंधक आरके भारती करते हैं। इसमें मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, संबंधित थाना प्रभारी, जिला पशु क्रूरता निवारण समिति, प्राधिकरण के पशु चिकित्सक, एचसीएल फाउंडेशन, अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (एओए)/एस्टेट मैनेजर और डॉग फीडर शामिल होते हैं।
एनिमल बर्थ कंट्रोल की दी जानकारी
बैठकों में सभी पक्षों की सहमति से डॉग फीडिंग प्वाइंट तय करने के साथ ही लोगों को एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) नियमों की जानकारी भी दी जा रही है। प्राधिकरण का मानना है कि इससे सोसाइटीवासियों और डॉग फीडरों के बीच होने वाले विवाद कम होंगे।
प्राधिकरण ने 31 दिसंबर तक 24 सोसाइटियों के लिए बैठक का कार्यक्रम जारी किया है। 23 जुलाई से शुरू हुई इस पहल के तहत अब तक सेवियर ग्रीन आर्क, पार्श्वनाथ पैनोरमा और महागुन मायवुड सोसाइटी के साथ बैठक हो चुकी है। अगली बैठक 13 अगस्त को टेकजोन-4 स्थित हिमालया प्राइड सोसाइटी के साथ दोपहर एक बजे प्राधिकरण कार्यालय के छठे तल स्थित बोर्ड रूम में होगी।
इसके बाद 20 अगस्त को जेपी ग्रींस, 27 अगस्त को येस सिटी सेक्टर-1, 3 सितंबर को गौर सिटी-1 की एआईजी पार्क एवेन्यू, 10 सितंबर को एटीएस ग्रीन पैराडिसो, 17 सितंबर को अम्रपाली गोल्फ होम, 24 सितंबर को एनटीपीसी आनंदम, 1 अक्टूबर को पटेल नियो टाउन, 8 अक्टूबर को अफोर्डेबल हाउसिंग सोसाइटी, 15 अक्टूबर को निंबस एक्सप्रेस पार्क व्यू-2, 22 अक्टूबर को ग्रीनवुड गवर्नमेंट वेलफेयर सोसाइटी, 29 अक्टूबर को सेंचुरियन पार्क, 5 नवंबर को अर्थकान कासा ग्रैंड-2, 12 नवंबर को ड्रीम वैली विला, 19 नवंबर को लोटस विला, 26 नवंबर को सुपरटेक ईको विलेज-1, 3 दिसंबर को स्ट्रैटेजिक रॉयल कोर्ट, 10 दिसंबर को जेकेजी पाम कोर्ट, 17 दिसंबर को पंचशील, 24 दिसंबर को श्री राधा स्काई गार्डन और 31 दिसंबर को अंतरिक्ष गोल्फ लिंक सोसाइटी के साथ बैठक आयोजित की जाएगी।
प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने कहा कि इस पहल से सभी सोसाइटियों में डॉग फीडिंग प्वाइंट निर्धारित करने और स्ट्रे डॉग को लेकर होने वाले आपसी विवादों के समाधान में मदद मिलेगी।
