-नाराज लोगों ने सड़क पर लगाया जाम
-पानी न आने से बीटा एक सेक्‍टर में भी लोग परेशान

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा वेस्‍ट की महागुन मायवुड्स सोसायटी में पिछले कई दिनों से लोग पानी न आने से परेशान हैं। परेशान लोगों ने रात में सोसायटी के मेंटेनेंस ऑफ‍िस हंगामा किया था। मेंटेनेंस प्रबंधन ने व्‍यवस्‍था में जल्‍द सुधार का आश्‍वासन दिया था। व्‍यवस्‍था सही न होने पर सोसायटी के लोग मंगलवार सुबह मुख्‍य गेट पर एकत्र हुए और प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बाद में नाराज लोग मुख्‍य सड़क पर जाम लगाकर बैठ गए। बारिश होने के बावजूद हाथों में छाता लेकर लोग सड़क पर बैठे रहे। नाराज लोगों ने कहा कि मोटा मेंटेनेंस शुल्‍क लेने के बावजूद सुविधाएं नहीं मिलती हैं। सूचना के बाद मौके पर पहुंचकर पुलिस ने लेगों को शांत कराया।

बीटा में 10 दिन से परेशानी
पानी न आने के कारण बीटा एक सेक्‍टर में भी लोग पिछले लगभग 10 दिनों से परेशान हैं। पानी का प्रेशर बहुत ही कम रहता है। सेक्‍टर के आरडब्‍ल्‍यूए महासचिव हरेंद्र भाटी का कहना है कि पानी सप्‍लाई की मोटर पिछले लगभग 10 दिनों से खराब है। पानी न आने से पूरे सेक्‍टर के लोग परेशान हैं। सेक्‍टर के लोग लगातार अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं। लगातार शिकायत करने के बावजूद व्‍यवस्‍था में सुधार नहीं हो रहा है। उन्‍होंने मांग की है कि मामले की जांच करा दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।