द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : थाना बादलपुर पुलिस ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 1.28 लाख रुपये नकद, करीब 40.740 ग्राम वजन की दो पीली धातु की गिट्टियां और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी आपस में रिश्तेदार हैं और चोरी की कई वारदातों में शामिल रहे हैं।
दुकान के गल्ले से चुराई थी नगदी
पुलिस ने बताया कि 27 जुलाई को सादोपुर की झाल स्थित पशुचारा की दुकान के गल्ले से नकदी चोरी होने की शिकायत मिली थी। मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के करीब 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से सोमवार को महामाया एन्क्लेव के पास से गुलफाम और फरमान को गिरफ्तार कर लिया गया। गुलफाम के पास से 66 हजार रुपये, 20.740 ग्राम की पीली धातु की गिट्टी और बाइक संख्या DL5SDR8940 बरामद हुई। वहीं फरमान के कब्जे से 62,500 रुपये और 20 ग्राम वजन की पीली धातु की गिट्टी मिली।
पूछताछ में आरोपियों ने सादोपुर झाल स्थित पशुचारा की दुकान से नकदी चोरी करने के अलावा सहारा सिटी के एक बंद मकान से नकदी और आभूषण चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, चोरी किए गए आभूषणों में बचे सोने से गिट्टियां बनवाई गई थीं। दोनों ने एयरफोर्स स्टेशन के सामने एक कार का शीशा तोड़कर बैग चोरी करने की बात भी बताई है।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बादलपुर थाने में चोरी से संबंधित तीन मुकदमे दर्ज होने की जानकारी दी है। गिरफ्तार आरोपियों में गुलफाम (26), निवासी अलीगढ़, वर्तमान पता लोनी, गाजियाबाद और फरमान (21), निवासी आगरा, वर्तमान पता भजनपुरा, दिल्ली शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, गुलफाम के खिलाफ पूर्व में मथुरा जिले के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। फरमान के खिलाफ भी मथुरा जिले में लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।पुलिस अब आरोपियों के फरार साथी की तलाश और अन्य चोरी के सामान की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।
